cigarette लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
cigarette लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

शुक्रवार, 15 जुलाई 2011

सिगरेट पीने वालों के बीच पलने वाले बच्चे मानसिक रोगी हो जाते हैं

एक नए शोध के अनुसार जिन बच्चों का पालन-पोषण धूम्रपान करने वालों के बीच होता है उनमें मस्तिष्क संबंधी बीमारियां होने की संभावना ज्यादा रहती है। हार्वर्ड के शोधकर्ताओं के अध्ययन के मुताबिक ऐसे बच्चे जो धूम्रपान करने वालों के बीच में बड़े होते हैं उनमें मस्तिष्क संबंधी बीमारियों मसलन सीखने में समस्या का सामना करना, एकाग्रता का अभाव और अत्यधिक सक्रियता जैसी बीमारियों के होने की ज्यादा आशंका रहती है।

इस शोध में पाया गया कि ऐसे बच्चे जिनके माता पिता अथवा परिवार के सदस्य धूम्रपान करते हैं उनमें से लगभग 50 प्रतिशत किसी समस्या से ग्रसित पाये गये. इसमें सीखने में समस्या का सामना करना, व्यवहार संबंधी समस्या और एकाग्रता का अभाव जैसी समस्याएं शामिल थी। धूम्रपान करने वालों के साथ रहने वाले 20.4 प्रतिशत बच्चे कम से कम एक मानसिक रोग से ग्रसित पाये गये।

शुक्रवार, 16 अप्रैल 2010

शराब पीने से हुए फ़ायदे को सिगरेट ख़त्म कर देती है

अगर आप थोड़ी-थोड़ी पिया करेंगे तो आपको दिल का दौरा पड़ने की संभावना कम रहेगी लेकिन अगर आपने इस दौरान सिगरेट पी ली तो ऐसा नहीं होगा. इस बात का पता ब्रिटेन में क़रीब 20 हज़ार लोगों पर किए गए एक शोध में चला है. इस दौरान पता चला कि थोड़ी शराब पीने वाले वे लोग जो सिगरेट नहीं पीते हैं उनमें सिगरेट पीने वालों की तुलना में दिल के दौरे की संभावना 40 फ़ीसदी तक कम होती है. इसका मतलब यह हुआ कि शराब पीने से हुए फ़ायदे को सिगरेट ख़त्म कर देती है. शोध के नतीजों को टोरोंटो में हुई अमरीकन एकेडमी ऑफ़ न्यूरोलॉजी की बैठक में पेश किया गया.

शोध का नेतृत्व कैम्ब्रिज विश्वविद्यालय ने किया और इसमें 22, 254 लोगों को शामिल किया गया. इन लोगों पर 12 साल से अधिक समय तक नज़र रखी गई. इस दौरान क़रीब नौ सौ बार दिल के दौरे पड़े. एक या दो छोटे गिलास वाइन पीने वाली महिलाओं या इससे थोड़ी अधिक वाइन पीने वाले पुरुषों में दिल के दौरे की 37 फ़ीसदी कम संभावना देखी गई. लेकिन यह तभी तक ठीक था जब तक कि इन्होंने सिगरेट नहीं पी. सिगरेट और शराब पीने वाले और केवल सिगरेट पीने वालों में ख़तरे का समान स्तर देखा गया.

शोध के प्रमुख यांगमी ली कहते हैं, ''हमारे शोध के सामाजिक निहितार्थ हैं, इससे हम शराब और सिगरेट पीने और कम मात्रा में शराब पीने के ख़तरे और दिल के दौरों के बारे में समझ बना सकते हैं.'' अधिक मात्रा में शराब पीने से दिल के दौरे का ख़तरा बढ़ जाता है क्योंकि इससे ब्लड प्रेशर बढ़ जाता है, यह एक महत्वपूर्ण कारक है.

शराब से ख़ून पतला हो जाता है, इससे ख़ून के थक्के बनना रुक सकता है. यह कोलेस्ट्रॉल को प्रभावित करता है और धमनियों की दीवारों पर वसा जमा होने से रोकता है. वहीं सिगरेट पीने से धमनियों में ख़ून का थक्का बनने की संभावना रहती है. इससे दिल का दौरा पड़ने का ख़तरा बढ़ जाता है.

द स्ट्रोक एसोसिएशन के जो कोरनर कहते हैं, ''सिगरेट पीने और दिल के दौरे में बहुत साफ़ संबंध हैं. दिल के दौरे से होने वाली मौतों का 10 फ़ीसदी का संबंध धूम्रपान से होता है. इसलिए दिल के दौरो को कम करने के लिए धूम्रपान छोड़ना महत्वपूर्ण क़दम है.''